ब्यूरो रिपोर्ट, नेशनल खबर
ललखनऊ में चीनी मांझे से हुई एक और दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि इसके कारण होने वाली मौतों को हत्या की श्रेणी में गिना जाएगा।
प्रशासन हरकत में, दुकानों पर छापेमारी
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही लखनऊ पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। हैदरगंज और मोतीझील क्षेत्रों में पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही।
बाजारखाला ओवरब्रिज पर युवक की दर्दनाक मौत
बुधवार को बाजारखाला हैदरगंज ओवरब्रिज पर बाइक सवार सैयद शोएब (34) अचानक हवा में लटके चीनी मांझे की चपेट में आ गए। तेज धार वाले मांझे से उनकी गर्दन की नस कट गई। गंभीर हालत में उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शोएब मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर कार्यरत थे और दुबग्गा क्षेत्र के रहने वाले थे।
पहले भी बन चुका है जानलेवा खतरा
हाल के दिनों में पतंग के तार हाईटेंशन लाइनों पर गिरने से मेट्रो सेवाएं बाधित हो चुकी हैं। प्रशासन का कहना है कि चीनी मांझा केवल जान का खतरा ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती है।
पूरे प्रदेश में चलेगा अभियान
सरकार ने पुलिस को निर्देश दिया है कि चीनी मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।









