पिछले कुछ समय में ऑनलाइन ठगी के कई नए तरीके सामने आए हैं, और हाल ही में एक और तरीका चर्चा में आया है, जिसमें ठग लोग एडिटेड फोटो का भय दिखाकर लोगों से पैसे वसूल रहे हैं। हाल ही में पश्चिम बंगाल के एक 70 वर्षीय बुजुर्ग से इस तरीके से लाखों रुपये ठगे गए। आइए जानते हैं यह पूरा मामला क्या था और इस तरह के ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए हमें क्या कदम उठाने चाहिए।
कैसे हुआ स्कैम?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दक्षिण दिनाजपुर के एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी को एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आई। इस वीडियो कॉल में एक महिला ने उनसे संपर्क किया। कुछ दिन बाद, वही महिला फिर से बुजुर्ग से बात करने के लिए कॉल करती है और इस बार एक एडिटेड फोटो दिखाती है, जिसमें वह महिला बुजुर्ग के साथ नजर आ रही थी। यह फोटो देखकर बुजुर्ग घबरा गए। महिला ने उन्हें धमकी दी कि यदि वह पैसे नहीं देंगे, तो वह यह फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देगी।
पुलिस अधिकारी बनकर की ठगी
इसके बाद, ठगों ने पुलिस अधिकारी बनकर बुजुर्ग से संपर्क किया और झूठा दावा किया कि महिला ने आत्महत्या की कोशिश की है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि अगर इलाज के पैसे नहीं दिए गए तो बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस डर के कारण बुजुर्ग ने 6.5 लाख रुपये ठगों के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, ठगों की डिमांड यहीं नहीं रुकी, और बुजुर्ग को बाद में यह समझ में आया कि वह ठगी का शिकार हो चुके हैं।
कैसे बचें इस स्कैम से?
- अनजान कॉल्स से रहें सतर्क – किसी भी अनजान नंबर से आई कॉल या वीडियो कॉल को रिसीव न करें। ऐसे कॉल्स को तुरंत इग्नोर करें और ब्लॉक कर दें।
- ब्लैकमेलिंग से न घबराएं – अगर कोई आपको ब्लैकमेल करने की कोशिश करें तो तुरंत कॉल काट दें और मामले की रिपोर्ट पुलिस को दें।
- सरकारी अधिकारियों की पहचान जांचें – अगर कोई सरकारी अधिकारी बनकर आपसे संपर्क करता है, तो उसकी पहचान सत्यापित करने के लिए संबंधित विभाग से संपर्क करें।
- संवेदनशील जानकारी साझा न करें – कभी भी दबाव में आकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल्स या पासवर्ड शेयर न करें।
इस तरह के स्कैम से बचने के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है, ताकि आप भी ठगी का शिकार न हों।









