भारतीय जनता पार्टी (BJP) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन ने पार्टी के नए अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उनके नाम की औपचारिक घोषणा पीएम नरेंद्र मोदी और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में की गई। इस मौके पर पीएम मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि आज से यही मेरे बॉस हैं और मैं इनका कार्यकर्ता हूं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीजेपी में अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते।
नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने पर पीएम मोदी ने कहा, “मैं नबीन को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। पिछले कई महीनों से संगठन पर्व के तहत पार्टी की छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक की प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से, बीजेपी के संविधान की भावना के अनुरूप चल रही थी, जिसका आज विधिवत समापन हो गया।”
संगठन विस्तार के साथ कार्यकर्ता निर्माण पर जोर
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज बीजेपी का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतनी ही बड़ी प्राथमिकता कार्यकर्ता के निर्माण की भी है। उन्होंने कहा, “लोग सोचते होंगे कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं, 50 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने और 25 साल से लगातार सरकार के प्रमुख रहे, लेकिन इन सबसे बड़ी बात मेरे जीवन में यह है कि मैं बीजेपी का कार्यकर्ता हूं। यही मेरा सबसे बड़ा गर्व है।”
उन्होंने आगे कहा, “जब पार्टी के विषयों की बात आती है तो नितिन नबीन मेरे बॉस हैं और मैं एक साधारण कार्यकर्ता।”
नितिन नबीन BJP की विरासत को आगे बढ़ाएंगे: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के पहले 25 साल पूरे हो चुके हैं और आने वाले 25 साल भारत के लिए बेहद अहम हैं। “यही वह कालखंड है जब विकसित भारत का निर्माण होना है और इसकी शुरुआत में नितिन नबीन बीजेपी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आज की युवा भाषा में कहें तो नितिन नबीन खुद भी एक तरह से ‘मिलेनियल’ हैं, जिन्होंने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलावों को करीब से देखा है।”
उन्होंने कहा कि बीते डेढ़ सालों में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष जैसे महापर्व मनाए गए। “ये सभी प्रेरणाएं देश के लिए जीने और संगठन को आगे बढ़ाने के हमारे संकल्प को मजबूत करती हैं।”
बीजेपी एक संस्कार और परिवार है
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक संस्कार और परिवार है। “हमारे यहां ‘मेंबरशिप’ से ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ होती है। बीजेपी पद से नहीं, प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी। अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते; नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा नहीं बदलती।”
पूर्व अध्यक्षों के योगदान को किया याद
पीएम मोदी ने बीजेपी के पूर्व अध्यक्षों के योगदान को याद करते हुए कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी जैसे नेताओं ने संगठन को विस्तार दिया। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पहली बार बीजेपी ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया।”
उन्होंने आगे कहा, “अमित शाह के नेतृत्व में देश के कई राज्यों में बीजेपी की सरकारें बनीं और केंद्र में दूसरी बार सरकार बनी। जेपी नड्डा की अगुवाई में पार्टी पंचायत से लेकर संसद तक और मजबूत हुई और तीसरी बार केंद्र में सरकार बनी। मैं बीजेपी के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का हृदय से अभिनंदन करता हूं।”
नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने के साथ ही पार्टी में नए संगठनात्मक दौर की शुरुआत मानी जा रही है।









