नेशनल खबर ब्यूरो, नई दिल्ली
देशभर में ई-फार्मेसी और ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में 20 मई को केमिस्ट और दवा विक्रेताओं ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल का असर मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर करीब 12 लाख से अधिक केमिस्ट और दवा वितरक ऑनलाइन दवाओं की अनियंत्रित बिक्री और भारी छूट के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
हालांकि राहत की बात यह है कि सभी प्रमुख फार्मेसी चेन, अस्पताल आधारित मेडिकल स्टोर, जन औषधि केंद्र और अमृत फार्मेसी स्टोर 20 मई को खुले रहेंगे। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कई राज्य स्तरीय फार्मेसी संघों ने भी इस हड़ताल से दूरी बना ली है ताकि आम लोगों को दवाओं की कमी का सामना न करना पड़े।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में एआईओसीडी प्रतिनिधियों की राष्ट्रीय औषधि नियामक से बैठक हुई थी। बैठक में नियामक ने भरोसा दिलाया कि ई-फार्मेसी से जुड़ी चिंताओं की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है और खुदरा दवा विक्रेताओं की समस्याओं को दूर करने के लिए नियामक ढांचे पर विचार किया जा रहा है।









