Sweta Ranjan, नई दिल्ली, 8 नवंबर 2025
भारतीय सिनेमा के लिए गर्व की बात है कि निर्देशक हरीश शर्मा की डॉक्यूमेंट्री ‘Adi Kailash’ को प्रतिष्ठित 18वें जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (JIFF) 2026 के प्रतियोगिता वर्ग में आधिकारिक रूप से चयनित किया गया है।
यह भव्य आयोजन 13 से 15 फरवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
‘Adi Kailash’ का निर्माण संदीप झा ने किया है और यह डॉक्यूमेंट्री विख्यात पर्वतारोही एवं लेखक डॉ. ललित पंत की पुरस्कृत पुस्तक “अजपथों से हिमशिखरों तक” से प्रेरित है। फिल्म उत्तराखंड के पवित्र आदि कैलाश पर्वत की आध्यात्मिक यात्रा को प्रदर्शित करती है, जिसे भगवान शिव का दिव्य निवास माना जाता है।
फिल्म का एंकरिंग जानी-मानी अभिनेता हेमंत पांडे ने की है, जो पिथौरागढ़ के मूल निवासी हैं। शानदार सिनेमैटोग्राफी के माध्यम से फिल्म बर्फ से ढकी चोटियों, निर्मल नदियों और कैलाश मानसरोवर से जुड़ी आत्मिक अनुभूति को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत करती है।
डॉ. ललित पंत के शब्दों में — “आदि कैलाश केवल एक पर्वत नहीं, बल्कि यह शिव और पार्वती के शाश्वत नृत्य का साक्षी है।”
वहीं अभिनेता हेमंत पांडे ने कहा — “इस डॉक्यूमेंट्री से जुड़ना मेरे लिए अपने मूल से जुड़ने जैसा अनुभव रहा। इसने हमारे क्षेत्र की अनदेखी सुंदरता को उजागर किया है।”
निर्देशक हरीश शर्मा ने इस चयन को आदि कैलाश की दिव्य ऊर्जा और श्रद्धालुओं की आस्था को समर्पित करते हुए कहा कि यह फिल्म हिमालय की इस धरोहर को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का प्रयास है।
निर्माता संदीप झा ने कहा कि फिल्म का मूल संदेश धैर्य, साधना और आत्मिक जागरण है, जो दुनिया भर के दर्शकों को प्रेरित करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया आदि कैलाश यात्रा के बाद इस क्षेत्र में पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जिससे वैश्विक स्तर पर इस पवित्र स्थल के प्रति नई रुचि जागी है।
JIFF 2026, जिसे “सिनेमैटिक ओलंपिक्स” कहा जाता है, दुनिया का सबसे बड़ा प्रतिस्पर्धी फिल्म महोत्सव है। इसका 18वां संस्करण ग्लोबल सिनेमा मूवमेंट और दिल्ली फिल्म कन्वेंशन एंड समिट 2026 के सहयोग से भारत मंडपम में आयोजित होगा।








