नई दिल्ली: रवि किशन का लोकसभा में दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने महिला आरक्षण और संविधान संशोधन से जुड़े विधेयकों पर चर्चा के दौरान अपनी निजी जिंदगी का जिक्र करते हुए पत्नी के प्रति सम्मान की बात कही।
पत्नी के संघर्ष का किया जिक्र
लोकसभा में बोलते हुए रवि किशन ने कहा कि वह अपनी पत्नी के पैर छूते हैं, क्योंकि उनके संघर्ष के दिनों में उनकी पत्नी ने हर कदम पर साथ दिया। उन्होंने कहा,
“मुझे लाखों वोट मिलते हैं, उसमें एक-डेढ़ लाख वोट मेरी धर्मपत्नी के कारण मिलते हैं। मैं उनके पैर छूता हूं… जब मैं सिनेमा में संघर्ष कर रहा था, तब उन्होंने गरीबी में मेरा साथ दिया।”
उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उनकी पत्नी उन्हें ऐसा करने से रोकती हैं, लेकिन जब वह गहरी नींद में होती हैं, तब वह चुपचाप उनके पैर छू लेते हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना
रवि किशन ने विपक्षी नेताओं पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें भी अपनी पत्नियों के पैर छूने चाहिए। उन्होंने कहा,
“विरोधियों को भी अपनी पत्नियों के पैर छूने चाहिए, तभी वे ‘रवि किशन’ बनेंगे और दुनिया उन्हें जानेगी।”
महिलाओं के मुद्दों पर रखी बात
अपने भाषण में उन्होंने बचपन की गरीबी का जिक्र करते हुए बताया कि उनके गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी थी और महिलाओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से अब महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
महिला आरक्षण पर जोर
रवि किशन ने संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की वकालत करते हुए महिला आरक्षण को 33 प्रतिशत तक लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर यह विधेयक पारित नहीं हुआ तो देश की महिलाएं विपक्ष को माफ नहीं करेंगी।
उपलब्धियों का किया उल्लेख
उन्होंने अपने भाषण में महिलाओं की उपलब्धियों—फाइटर जेट उड़ाने से लेकर सेना, खेल और पंचायतों में नेतृत्व—का जिक्र करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि उन्हें संसद में भी बराबर प्रतिनिधित्व मिले।









