नेशनल खबर ब्यूरो, नई दिल्ली।
भारत में शादियां अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में आ जाती हैं, लेकिन इस बार चर्चा का कारण बना है हरियाणा के चर्चित यूट्यूबर अरुण पंवार की शादी। सोशल मीडिया पर उनकी शादी से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारी-भरकम लग्न-टीका दिखाया गया है। वीडियो खुद अरुण पंवार ने शेयर किया है, जिसमें दावा किया गया है कि यह दहेज नहीं बल्कि “दान” है। हालांकि, 71 लाख रुपये नकद और 21 तोला सोना देखकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान रह गए हैं।
रील में गिनाया गया हर गहना, हर रकम
वायरल वीडियो में एक शख्स हाथ में कागज लिए शादी में दिए गए सामान का पूरा हिसाब पढ़ता नजर आता है। रील के मुताबिक, दूल्हे को साढ़े पांच तोले की सोने की चेन, चार तोले का ब्रेसलेट और दो सोने की अंगूठियां दी गईं। यहीं नहीं, दूल्हे के पिता, ताऊ, भाइयों, मां और अन्य रिश्तेदारों के लिए भी सोने के गहनों का जिक्र किया गया है।
वीडियो में बताया गया कि कुल मिलाकर 21 तोला सोना और 71 लाख रुपये नकद दिए गए हैं, जिसे “दान” का नाम दिया गया है। खास बात यह है कि अरुण पंवार की पत्नी एमबीबीएस पास हैं। इसके बावजूद इतनी बड़ी रकम और सोना दिए जाने पर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं।
नाम बदलने से हकीकत नहीं बदलती?
वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स का कहना है कि नाम चाहे दान रख दिया जाए या लग्न-टीका, इतनी बड़ी रकम और सोना आखिर दहेज ही कहलाएगा। एक यूजर ने लिखा कि खुलेआम कैश का लेनदेन दिखाया जा रहा है—यह शादी है या सौदा?
वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी की कि कानूनन दहेज अपराध है और रील बनाकर इसका प्रदर्शन करना गलत संदेश देता है। कई लोगों का मानना है कि लड़की कितनी भी पढ़-लिख क्यों न ले, बिना दहेज की शादी आज भी समाज में मुश्किल नजर आती है।
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया
इस वीडियो ने एक बार फिर दहेज जैसी सामाजिक बुराई पर बहस को हवा दे दी है। कुछ यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि क्या ऐसे वीडियो बनाकर दहेज को सामान्य किया जा रहा है, या फिर अब इस प्रथा को खुले तौर पर चुनौती देने की जरूरत है।
कुल मिलाकर, अरुण पंवार की शादी का यह वायरल वीडियो सिर्फ एक निजी आयोजन नहीं रहा, बल्कि समाज में गहराई से जमी दहेज प्रथा पर नई बहस का कारण बन गया है।









