नेशनल खबर ब्यूरो, नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने 25 मई तक दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले कई दिनों तक अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मंगलवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने इसे इस सीजन का पहला आधिकारिक ‘लू वाला दिन’ घोषित किया है।
थार और बलूचिस्तान की हवाएं बढ़ा रहीं तपिश
वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली की ओर आने वाली गर्म हवाएं पाकिस्तान के बलूचिस्तान और राजस्थान के थार मरुस्थल से आ रही हैं। इन इलाकों में बड़े जल स्रोत नहीं होने के कारण हवाएं बेहद गर्म और शुष्क होती हैं। यही वजह है कि दिल्ली समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में गर्मी और लू का असर तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 से 25 मई के बीच कई इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी। तेज गर्म हवाएं 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं। लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
11 साल में 2.8 डिग्री बढ़ा दिल्ली का तापमान
एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली का औसत भूमि सतह तापमान लगातार बढ़ रहा है। साल 2019 में दिल्ली का औसत लैंड सर्फेस टेंपरेचर 29.1 डिग्री सेल्सियस था, जो 2026 में बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यानी करीब 11 साल में तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हालांकि मई की शुरुआत में दिल्ली का मौसम अपेक्षाकृत ठंडा था। 3 से 6 मई के बीच हुई बारिश के कारण तापमान 32 से 36 डिग्री के बीच बना हुआ था। लेकिन अब गर्मी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है।
21 से 23 मई तक दिल्ली-एनसीआर में चक्का जाम का ऐलान
इसी बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) और दिल्ली सरकार की नीतियों के विरोध में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के नेतृत्व में दिल्ली-एनसीआर की 68 से अधिक ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने 21 से 23 मई तक तीन दिवसीय चक्का जाम का एलान किया है। इससे राजधानी और आसपास के इलाकों में यातायात और सप्लाई चेन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।








