Sweta Ranjan, Gurugram
हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के चार नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। सूचना मिलते ही प्रशासन और स्कूल प्रबंधन हरकत में आ गया और सुरक्षा कारणों से सभी संबंधित स्कूलों को खाली करा लिया गया। पूरे शहर के स्कूलों में एहतियातन अलर्ट जारी कर दिया गया है।
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें डीएलएफ फेज-1 स्थित कुंसकपालन स्कूल, सेक्टर-53 का लैंसर्स स्कूल, सेक्टर-64 स्थित हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल और बादशाहपुर क्षेत्र का पाथवे वर्ल्ड स्कूल शामिल हैं। सभी स्कूलों को एक जैसे ई-मेल के जरिए बम रखे जाने की चेतावनी दी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बम निरोधक दस्ता व SDRF की सहायता से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। स्कूल परिसरों को पूरी तरह सील कर सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि धमकी का पता उस समय चला, जब बच्चों के स्कूल पहुंचने का समय हो चुका था और बसें छात्रों को लेकर स्कूलों तक पहुंचने लगी थीं। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील की। जो छात्र स्कूल पहुंच चुके थे, उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस घर भेजा गया।
फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस साइबर एंगल से भी ई-मेल की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक सभी जरूरी सावधानियां बरती जाएंगी।









