कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शिलॉन्ग के लिए रवाना होने वाली IndiGo की फ्लाइट 6E 7304 के टॉयलेट में बम की धमकी से जुड़ा हस्तलिखित नोट बरामद हुआ।
घटना यात्रियों की बोर्डिंग से पहले की है। जानकारी के मुताबिक, विमान के लावेटरी में एक क्रू सदस्य को संदिग्ध नोट मिला, जिसमें विमान में बम होने का दावा किया गया था। नोट मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल सूचित किया गया।
विमान को आइसोलेशन बे में भेजा गया
एहतियातन फ्लाइट को मुख्य टर्मिनल से हटाकर आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया। इसके बाद मानक सुरक्षा प्रक्रिया (SOP) के तहत जांच शुरू कर दी गई। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने विमान की सघन तलाशी ली।
अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल विमान की पूरी तरह से जांच जारी है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हाल के दिनों में घरेलू उड़ानों में बम की फर्जी धमकियों की घटनाएं बढ़ी हैं। 18 जनवरी को दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में टिशू पेपर पर लिखी बम की धमकी मिलने के बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा था।
इसी तरह दिल्ली से पुणे जा रही फ्लाइट 6E 2608 में भी टॉयलेट के अंदर हाथ से लिखा धमकी भरा नोट मिला था। उस मामले में भी विस्तृत जांच के बाद कोई विस्फोटक ससुरक्षा एजेंसियां सतर्क
लगातार मिल रही ऐसी धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। अधिकारियों का कहना है कि फर्जी धमकी देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
(फिलहाल जांच जारी है। जैसे ही आधिकारिक अपडेट आएगा, खबर अपडेट की जाएगी।)









